बच्चों की सुरक्षा पर मेटा सख्त, भारत में छह महीने में हटाए गए 1.60 लाख संदिग्ध अकाउंट

HIGHLIGHTS
- मेटा ने भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े संदिग्ध करीब 1.60 लाख अकाउंट पिछले छह महीनों में हटाने का दावा किया।
- कंपनी ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए एआई टूल्स और सुरक्षा तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- सरकार की आपत्तियों के बाद मेटा ने कहा कि वह बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करेगा।
नई दिल्ली। बच्चों के यौन शोषण और आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री के खिलाफ बढ़ती सख्ती के बीच सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने अपनी कार्रवाई का ब्योरा साझा किया है। कंपनी ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए लगातार तकनीकी उपायों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मेटा ने अपने ब्लॉग में बताया कि भारत में पिछले छह महीनों के दौरान करीब 1.60 लाख ऐसे अकाउंट हटाए गए, जिनकी पहचान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर की गई थी। कंपनी के मुताबिक, इन अकाउंट्स का पता लगाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम और अन्य सुरक्षा तकनीकों की मदद ली गई।
AI टूल्स से हो रही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान
कंपनी ने बताया कि उसके सिस्टम संदिग्ध लिंक, बच्चों के शोषण से जुड़े संकेत और असामान्य ऑनलाइन गतिविधियों का विश्लेषण करते हैं। इसके आधार पर ऐसे अकाउंट्स और कंटेंट की पहचान कर उन्हें प्लेटफॉर्म से हटाया जाता है।
मेटा ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत उसके सभी प्लेटफॉर्म पर बच्चों को सुरक्षित ऑनलाइन माहौल देने के लिए कंटेंट मॉडरेशन, सुरक्षा फीचर्स और विज्ञापन निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू हैं।
सरकार की आपत्ति के बाद दिया जवाब
मेटा का यह बयान उस समय आया है जब भारत सरकार ने बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक विज्ञापनों और ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर कंपनी से जवाब मांगा था। इसके बाद कंपनी ने अपने प्रयासों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की।
विज्ञापन प्रणाली पर लगाए आरोपों को नकारा
मेटा ने उन आरोपों को खारिज किया है, जिनमें कहा गया था कि कंपनी बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक विज्ञापनों को यूजर्स की रुचियों के आधार पर बढ़ावा देती है। कंपनी ने कहा कि उसका विज्ञापन सिस्टम ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं देता और इस तरह के दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
जांच एजेंसियों को सहयोग का दावा
मेटा ने कहा कि वह बच्चों के शोषण से जुड़े नेटवर्क और सामग्री की पहचान के लिए लगातार नई तकनीकों और एआई समाधानों का उपयोग कर रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ जांच में पूरा सहयोग करती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.