वाराणसी से CM योगी देंगे शिक्षकों को बड़ी सौगात, 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के शिक्षकों और पात्र कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू की।
- योजना के तहत करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
- कार्यक्रम में 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म और अन्य सामग्री के लिए 1200 रुपये डीबीटी से भेजे जाएंगे।
वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। बड़ा लालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में इस योजना की शुरुआत की जाएगी।
योजना लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा मिल सकेगी। इसमें नियमित शिक्षकों के अलावा शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ स्कूली बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि भी भेजेंगे। यह राशि बच्चों की यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर और स्टेशनरी जैसी जरूरतों के लिए दी जाएगी।
शिक्षकों और कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा पर भी जोर
कार्यक्रम में करीब 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके माध्यम से पात्र कर्मचारियों को अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ और हरित विद्यालयों के रूप में चयनित 12 स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.