न्यू उस्मानपुर फायरिंग केस: तीन दिन में युवक पर दो बार हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में युवक रवि प्रकाश पर तीन दिनों में दो बार फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया।
- पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल, कारतूस समेत वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया।
- पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते हमला करने की बात कही, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक युवक पर लगातार दो बार जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महज तीन दिनों के अंतराल में बदमाशों ने 26 वर्षीय रवि प्रकाश को निशाना बनाया। पहली फायरिंग में वह बच गया, जबकि दूसरी घटना में गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन (24), शेखर उर्फ अपराधी (22) और कृष्णा उर्फ किस्सू (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
8 जुलाई को पहली बार बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को न्यू उस्मानपुर इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को रवि प्रकाश मिला, जिसने आरोप लगाया कि पवन, कृष्णा और उनके साथियों ने उस पर फायरिंग की थी। हालांकि इस हमले में वह बाल-बाल बच गया।
इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
11 जुलाई को दोबारा हुआ हमला
जांच चल ही रही थी कि 11 जुलाई को बदमाशों ने फिर रवि को निशाना बना लिया। इस बार फायरिंग में गोली उसके पैर में लगी। घायल हालत में उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोबारा हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया और जांच तेज कर दी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताई वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि रवि लगातार उन पर हमला करता था और उनसे पैसों की मांग करता था। आरोपियों के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उन्होंने रवि को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और फायरिंग की।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.