कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारी तेज, मुजफ्फरनगर में एसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने परखी व्यवस्थाएं

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, एसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रमुख मार्गों व सेवा शिविरों का निरीक्षण किया।
- अधिकारियों ने सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, सीसीटीवी, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं की समीक्षा कर समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
- कांवड़ शिविर संचालकों को अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार शाम एसपी सिटी अमृत जैन और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने शहर और कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व सुविधा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने शाम करीब सात बजे संयुक्त रूप से शिव चौक, मीनाक्षी चौक, बागोवाली चौराहा, बझेड़ी फाटक, मदीना चौक, अस्पताल तिराहा और नॉवल्टी चौक समेत कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रीट लाइट, पेयजल सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
एसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, अस्थायी अतिक्रमण हटाने, दिशा सूचक बोर्ड लगाने और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी योजना तैयार रखने के निर्देश दिए।
कांवड़ सेवा शिविरों में व्यवस्थाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर में लगाए जा रहे कांवड़ सेवा शिविरों का भी जायजा लिया। उन्होंने शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विश्राम व्यवस्था, बिजली और स्वच्छता से जुड़ी तैयारियों को परखा।
शिविर संचालकों को निर्देश दिए गए कि अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, बिजली सुरक्षा, आपात निकासी मार्ग और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.