नई दिल्ली। भारत ने रविवार को एशिया मेंस हॉकी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल में मेजबान भारत ने पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार ट्रॉफी जीती। इस जीत के साथ ही भारत ने 2026 हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाई भी कर लिया।

भारतीय टीम ने आठ साल बाद खिताब पर कब्जा किया। इससे पहले 2017 में ढाका में हुए फाइनल में भारत ने मलेशिया को हराकर चैंपियनशिप जीती थी। इस बार फाइनल में भारत के लिए तीन गोल फील्ड से और एक गोल पेनल्टी कॉर्नर से हुआ। दिलप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।

मैच की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने बढ़त बना ली थी। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल कर दिया। इसके बाद 27वें और 44वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। 49वें मिनट में अमित रोहिदास ने चौथा गोल किया। कोरिया की ओर से एकमात्र गोल 50वें मिनट में सन डेन ने किया। इसके बाद कोई टीम गोल नहीं कर सकी और भारत 4-1 से विजेता बना।

इस टूर्नामेंट में भारत ने कुल 39 गोल किए और गोल स्कोरिंग में शीर्ष पर रहा। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में मलेशिया ने चीन को 4-1 से हराया, जबकि पांचवें स्थान की जंग में जापान ने बांग्लादेश को 6-1 से पराजित किया। सबसे ज्यादा 12 गोल मलेशिया के अखिमुल्लाह अनुर ने दागे।