भारत के पहलवानों ने अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। वियतनाम के दा नांग में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की और सभी पदक विजेताओं को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय पहलवानों ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल और महिलाओं की कुश्ती दोनों श्रेणियों में टीम खिताब जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने खिलाड़ियों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल टीम ने नौ पदक जीते, जिनमें चार स्वर्ण पदक शामिल रहे। यह प्रदर्शन अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के इतिहास में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा।
महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक अपने नाम किए, जिनमें छह स्वर्ण पदक शामिल हैं। इसके साथ ही ग्रीको-रोमन वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने आठ पदक जीतकर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।
WFI अध्यक्ष ने भी की सराहना
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप का खिताब जीतना भारतीय कुश्ती के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि भारतीय पहलवानों ने तकनीकी मजबूती और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर किर्गिस्तान और कजाकिस्तान जैसे मजबूत देशों को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने कोच, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी इस सफलता का श्रेय दिया।
भारतीय टीम का शानदार रिकॉर्ड
इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने कुल मिलाकर शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 27 पदक अपने नाम किए।
फ्रीस्टाइल कुश्ती में भारत ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि किर्गिस्तान दूसरे और कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहे। यह प्रदर्शन भारतीय कुश्ती के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।