बदायूं: जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हरनाथपुर मुस्तखर्जा गांव में देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार शाम बड़ा हंगामा हो गया। दुकान आबादी के बीच होने से नाराज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ और शराब नष्ट किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में 30 से 40 महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आबादी के बीच दुकान से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों और खासकर महिलाओं का आरोप है कि गांव के बीच स्थित शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में नशाखोरी बढ़ रही है। इससे पारिवारिक विवाद, सामाजिक समस्याएं और असामाजिक गतिविधियों में इजाफा हो रहा है। महिलाओं का कहना है कि शाम के समय शराब पीकर कुछ लोग अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे उनका निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
गुस्साई महिलाओं ने तोड़ी दीवार, अंदर पहुंचकर किया हंगामा
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर इकट्ठा हुईं। सूचना मिलते ही दुकानदार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।
आरोप है कि शराब की पेटियों को बाहर निकालकर ट्रेटा पैक फोड़ दिए गए और शराब को नाली में बहा दिया गया। मौके पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और आबकारी विभाग ने संभाला मामला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आबकारी विभाग के अनुसार, करीब 10 पेटी देशी शराब को नुकसान पहुंचाया गया है और दुकान में भी काफी तोड़फोड़ हुई है।
सेल्समैन किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला और उसने थाने में तहरीर दी।
40 महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संगीता, नेत्रपाल की पत्नी, हरपाल की पत्नी, गंगा सिंह की पत्नी समेत 30 से 40 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। FIR दर्ज होने के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।