मोहम्मद सिराज ने एशिया कप के फाइनल में बरपाया कहर, वनडे करियर में हासिल की यह उपलब्धि

भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप का फाइनल कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। रविवार (17 सितंबर) को खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ। टीम के छह बल्लेबाज 12 रन के अंदर ही पवेलियन लौट गए। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने शुरुआती छह में से पांच विकेट हासिल कर लिए।

श्रीलंका की पारी की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उसे पहला झटका दिया। उन्होंने कुसल परेरा को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। परेरा खाता भी नहीं खोल पाए। उनके बाद आउट होने वाले बल्लेबाजों की लाइन लग गई और 12 रन के अंदर टीम के छह बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।सिराज की कातिलाना गेंदबाजी
बुमराह ने विकेट के मामले में टीम का खाता खोला। इसे आगे बढ़ाने का काम मोहम्मद सिराज ने किया। उन्होंने अपने दूसरे और पारी के चौथे ओवर में चार विकेट ले लिए। श्रीलंकाई बल्लेबाज पिच पर जब तक कुछ समझ पाते तब तक वह पवेलियन लौट गए। सिराज ने पथुम निसांका, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका और धनंजय डी सिल्वा को एक ही ओवर में आउट कर दिया। इसके बाद अपने तीसरे और पारी के छठे ओवर में दासुन शनाका को आउट कर पांचवीं सफलता हासिल कर ली। सिराज ने 10 गेंद के अंदर पांच विकेट ले लिए।सिराज के विकेट

  • पहला: चौथे ओवर की पहली गेंद पर सिराज ने निसांका को आउट कर दिया। निसांका बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े रवींद्र जडेजा को कैच थमा दिया। वह चार गेंद पर दो रन ही बना सके।
  • दूसरा: इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले सदीरा समरविक्रमा भी इस मुकाबले में फेल हो गए। उन्हें सिराज ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर आउट कर दिया। समरविक्रमा खाता खोले बगैर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
  • तीसरा: चौथे ओवर की चौथी गेंद पर सिराज को तीसरी सफलता मिली। इस बार उनका शिकार चरिथ असलंका बने। उन्होंने कवर की ओर शॉट खेला और ईशान किशन ने शानदार कैच लिया। असलंका खाता नहीं खोल पाए।
  • चौथा: धनंजय डी सिल्वा सिराज के चौथे शिकार बने। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर डी सिल्वा सिराज की आउटस्विंगर को ठीक से नहीं खेल पाए और गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों में चली गई। डी सिल्वा ने दो गेंद पर चार रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया।
  • पांचवां: छठे ओवर की चौथी गेंद पर सिराज ने पांचवीं सफलता हासिल की। उन्होंने वनडे करियर में पहली बार किसी मैच में पांच विकेट लिया। सिराज का शिकार इस बार श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका बने। शनाका ने चार गेंदों का सामना किया। वह खाता खोले बगैर क्लीन बोल्ड हो गए।

कोलंबो में सिराज ने बनाया रिकॉर्ड
मोहम्मद सिराज भारत के लिए साल 2002 के बाद से शुरुआती 10 ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। सिराज ने श्रीलंकाई पारी के 10 ओवर के अंदर पांच विकेट लिए। इस मामले में उन्होंने जवागल श्रीनाथ, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ा। श्रीनाथन ने 2003 में दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट लिए थे। भुवनेश्वर कुमार ने 2013 में पोर्ट ऑफ स्पेन में श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट हासिल किए थे। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने 2022 में इंग्लैंड के ओवर में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट झटके थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here