बेंगलुरु: आईपीएल 2026 सीजन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के फैंस के लिए खुशखबरी है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति ने चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में आईपीएल मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी है।

आरसीबी इस सीजन में कुल सात होम मैच खेलेगी, जिसमें से पांच मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे और शेष दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। 19वां आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है और गत चैंपियन आरसीबी अपने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी।

पिछले सीजन की घटना और सुरक्षा उपाय

आरसीबी ने पिछले सीजन पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था। जब टीम ट्रॉफी लेकर बेंगलुरु लौटी, तो प्रशंसकों का उत्साह इतना बढ़ गया कि चार जून 2025 को स्टेडियम के बाहर भगदड़ हो गई थी। इस घटना में 11 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए थे।

इसलिए इस बार राज्य सरकार ने सख्त सुरक्षा उपायों लागू किए हैं। केएससीए अधिकारियों ने विशेषज्ञ समिति से मुलाकात कर स्टेडियम में सुरक्षा और परिचालन संबंधी विस्तृत योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया। समिति ने सभी तैयारियों की समीक्षा के बाद अनुमति दे दी।

फाइनल मैच की मेजबानी और उद्घाटन

आरसीबी इस सत्र के उद्घाटन मैच और उद्घाटन समारोह का आयोजन भी चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी। साथ ही, स्टेडियम फाइनल मैच की मेजबानी भी करेगा। यह निर्णय बीसीसीआई के नियमों और छत्तीसगढ़ सरकार के साथ फ्रेंचाइजी के समझौते के अनुरूप लिया गया है।

आरसीबी और संबंधित एजेंसियों ने सुनिश्चित किया है कि सभी मैच सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से आयोजित होंगे। विशेषज्ञ समिति ने स्टेडियम में सुरक्षा उपायों की पुष्टि कर सभी आवश्यक मंजूरी जारी कर दी है।