नई दिल्ली। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के पूर्व महासचिव कुसल दास का शुक्रवार को 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दास को भारत में 2017 में आयोजित अंडर-17 फीफा विश्व कप के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है।

कुसल दास अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उन्होंने एआईएफएफ में 12 वर्षों तक महासचिव की जिम्मेदारी निभाई और 2022 में इस पद से इस्तीफा दिया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारतीय फुटबॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कई अहम कदम उठाए और देश में कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स की मेजबानी सुनिश्चित की।

दास लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके बाद एआईएफएफ के महासचिव बने शादी प्रभाकरन ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "एआईएफएफ के पूर्व महासचिव कुसल दास का आज सुबह दिल्ली में निधन हो गया। इस कठिन समय में मैं उनके परिवार के साथ संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।"

एआईएफएफ ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। महासचिव कल्याण चौबे ने कहा, "कुसल दास ने भारतीय फुटबॉल के विकास में एक अहम योगदान दिया। उनके कार्य और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। पूरे भारतीय फुटबॉल समुदाय की ओर से मैं उनके परिवार के प्रति संवेदनाएँ प्रकट करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।"