पटना। बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग ने जारी कर दिया है। इसके साथ ही एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। यह उपचुनाव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद विधान परिषद से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई सीट पर हो रहा है।
आयोग के अनुसार, इन 9 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 29 जून 2026 को समाप्त हो जाएगा। चुनाव प्रक्रिया की अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं।
मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक समाप्त होने की संभावना है।
उपचुनाव की प्रक्रिया भी इन्हीं तारीखों के साथ आयोजित की जाएगी। इस सीट पर चुने जाने वाले सदस्य का कार्यकाल 6 मार्च 2030 तक रहेगा।
किन नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है
जिन 9 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें डॉ. कुमुद वर्मा, प्रो. गुलाम गौस, मो. फारूक, भीष्म साहनी, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, संजय मयूख, समीर कुमार सिंह, सम्राट चौधरी और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने पहले ही विधानसभा चुनाव जीतने के बाद 16 नवंबर 2025 को विधान परिषद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है, हालांकि राजनीतिक दलों ने पहले से ही अपनी रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है।