रोहतक। सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम मंगलवार सुबह एक बार फिर फरलो पर बाहर आए। उन्हें 30 दिन की फरलो दी गई है और यह उनका 16वां मौका है जब वह जेल से अस्थायी रूप से रिहा हुए हैं।
सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर वह लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर गाड़ियों के काफिले के साथ जेल से रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ हनीप्रीत और अन्य सहयोगी मौजूद रहे। काफिले में पुलिस एस्कॉर्ट भी शामिल रही।
जानकारी के अनुसार, राम रहीम फरलो की यह अवधि सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में ही बिताएंगे। इससे पहले उन्हें जनवरी में 40 दिन की पैरोल भी मिली थी।
सोमवार को राज्य सरकार द्वारा फरलो मंजूर किए जाने के बाद मंगलवार सुबह सिरसा से दो गाड़ियां सुनारिया जेल पहुंचीं। करीब 6 बजे पहुंची इन गाड़ियों में हनीप्रीत स्वयं राम रहीम को लेने आई थीं, साथ ही वकील और चालक भी मौजूद थे।
जेल में लगभग आधे घंटे की औपचारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद काफिला उन्हें लेकर सिरसा के लिए रवाना हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हिसार आउटर बाईपास और जेल मोड़ क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया था।