मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को एक बार फिर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। संशोधित दरें 29 मई की मध्यरात्रि से लागू कर दी गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार मुंबई में सीएनजी अब 84 रुपये के बजाय 86 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होगी। बढ़ी हुई कीमतों का असर निजी कार मालिकों के अलावा टैक्सी, ऑटो रिक्शा और मालवाहक वाहनों के संचालन लागत पर भी पड़ेगा। कंपनी ने अपने सभी वितरण केंद्रों और डीलरों को नई दरें लागू करने के निर्देश दे दिए हैं।
दो हफ्तों में दूसरी बढ़ोतरी
गौरतलब है कि इससे पहले 14 मई को भी सीएनजी के दाम में दो रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया था। ऐसे में महज 17 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को दूसरी बार मूल्य वृद्धि का सामना करना पड़ रहा है। एमजीएल मुंबई महानगर क्षेत्र के अलावा ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, उस्मानाबाद तथा कर्नाटक के कुछ शहरों में भी सीएनजी की आपूर्ति करती है।
पेट्रोल और डीजल भी हुए महंगे
सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हाल ही में पेट्रोल के दाम 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। पिछले पंद्रह दिनों में ईंधन कीमतों में यह चौथी वृद्धि मानी जा रही है। वर्तमान में मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर बिक रहा है।
वैश्विक तनाव का असर ऊर्जा बाजार पर
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे कीमतों में उतार-चढ़ाव तेज हुआ है।
विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने बाजार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। दुनिया की कुल तेल और एलएनजी आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के चलते ऊर्जा कीमतों पर दबाव बना हुआ है, जिसका असर भारत समेत कई देशों के ईंधन बाजार में देखने को मिल रहा है।