मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी स्थित आइकॉन टावर में रविवार रात करीब 10 बजे गैंगवार की बड़ी वारदात सामने आई, जिसमें कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले को बेहद सुनियोजित बताया जा रहा है, जिसमें पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही गोविंद शर्मा पटना से लौटकर अपने फ्लैट की ओर सीढ़ियों से ऊपर जा रहा था, तभी दो हमलावरों ने अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि हमलावरों ने उस पर छह से अधिक गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसने बचने की कोशिश की और नीचे की ओर भागा, लेकिन अपराधियों ने उसका पीछा कर दोबारा फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीढ़ियों पर पहले से घात लगाए बैठे थे शूटर
प्रत्यक्षदर्शियों और जानकारी के मुताबिक, आइकॉन टावर में हमलावर पहले से ही इंतजार कर रहे थे। जैसे ही गोविंद कार से उतरकर सीढ़ियों की ओर बढ़ा, हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया।
बताया जाता है कि गोली लगने के बाद उसने भागने की कोशिश भी की और बचाव में कुर्सी उठाकर हमलावरों की ओर फेंकी, लेकिन तब तक उसे कई गोलियां लग चुकी थीं। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
कई बड़े मामलों में रहा नाम
मृतक गोविंद शर्मा को पुलिस रिकॉर्ड में कुख्यात शूटर के रूप में जाना जाता था और वह एक बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ था। उसका नाम मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड जैसे कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है।
हाल ही में वह भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार भी हुआ था और कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था।
गार्ड ने देखी वारदात, मचा हड़कंप
आइकॉन टावर के सुरक्षा गार्ड के अनुसार, अपराधी पहले से ही घात लगाए बैठे थे और जैसे ही गोविंद पहुंचा, तुरंत हमला कर दिया गया। वारदात के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद गार्ड ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके की घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। डीआईयू और एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है। मौके से कई खोखे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला गैंगवार और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।