पटना: राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार शाम को बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए हैं। बैठक का उद्देश्य राज्यसभा की पांचों सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी के घर बुलाई गई इस बैठक में सभी विधायकों को मतदान प्रक्रिया और चुनाव रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दोनों गठबंधन सक्रिय
सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव को देखते हुए राजधानी पटना में राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन जारी रही। एनडीए अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सुबह से लगातार बैठकें कर रही है, जबकि महागठबंधन के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने सभी विधायकों को एक निजी होटल में बुलाकर गहन रणनीतिक बैठक की। बताया जा रहा है कि महागठबंधन के सभी विधायक वहीं होटल में रुकेंगे और सीधे मतदान स्थल पहुंचेंगे।
बैठक में क्या होगा?
बैठक में विशेष रूप से उन एनडीए विधायकों को मतदान प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा, जिन्होंने पूर्व में कभी राज्यसभा मतदान नहीं किया। इसके लिए उन्हें मॉक वोटिंग कराई जाएगी, ताकि मतदान के दौरान कोई गलती न हो और वोट रद्द न हो। मॉक पोल और चुनाव प्रक्रिया समझाने के बाद शाम को विजय चौधरी के आवास पर विधायकों के लिए डिनर का आयोजन भी किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक राज्यसभा चुनाव की अंतिम रणनीतिक चर्चा का हिस्सा है और इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।