बिहार के सहरसा जिले में गुरुवार को मिड-डे मील को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया, जहां एक सरकारी स्कूल में खाना खाने के बाद 250 से अधिक छात्र अचानक बीमार हो गए। यह घटना महिषी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में बच्चों ने मिड-डे मील का भोजन किया था। खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति गंभीर होती देख सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत महिषी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अस्पताल में भी अव्यवस्था की स्थिति बन गई। डॉक्टरों की टीम ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गए। सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और कहा कि शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। कुछ बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, भोजन को लेकर गंभीर सवाल तब उठे जब एक थाली में संदिग्ध वस्तु मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद जांच को और तेज कर दिया गया है। हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने भोजन के नमूने और अन्य जरूरी सामग्री को जांच के लिए जब्त किया है।

सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने बताया कि सभी बच्चों का इलाज जारी है और स्थिति अब नियंत्रण में है। फिलहाल किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।