पटना। राजधानी पटना में शुक्रवार को तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में भारी जलजमाव और पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, जिससे शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप जैसा हो गया।
पेड़ गिरने से बड़ा हादसा, एक युवक की मौत
गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ गिरने से पांच लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मृतक की पहचान यारपुर निवासी गुड्डू राम के पुत्र अभय कुमार (24) के रूप में हुई है।
मीट लेने निकला था युवक, अचानक हादसे का शिकार
परिजनों के अनुसार अभय घर से मीट खरीदने निकला था। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज बारिश के साथ आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह एक फास्ट फूड दुकान के पास रुक गया।
इसी दौरान तेज हवाओं के कारण दुकान के पीछे खड़ा विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास का इलाका भी प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात भी पूरी तरह बाधित हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में चार लोग सुरक्षित बचाए गए
घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गर्दनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अभय कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।