दिल्ली के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सफदरजंग एंक्लेव फ्लाईओवर के नीचे बने एनडीएमसी के एक स्टोर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते गोदाम से ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया।
समय रहते मिली सूचना
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि शाम करीब छह बजे एक सतर्क नागरिक ने सरोजिनी नगर थाने को फ्लाईओवर के नीचे, प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित एनडीएमसी गोदाम में आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारियों के अनुसार, समय पर मिली जानकारी और त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।