दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 फरवरी 2026 को राजधानी में पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 का कर्टेन रेजर किया। मुख्यमंत्री ने इस महोत्सव को दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र बनाने का ऐतिहासिक अवसर बताया।

25 से 31 मार्च तक भारत मंडपम और अन्य प्रतिष्ठित स्थलों में आयोजित होगा फेस्टिवल

आईएफएफडी 2026 का आयोजन 25 से 31 मार्च 2026 तक भारत मंडपम और नई दिल्ली के अन्य प्रतिष्ठित स्थलों पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मक शक्ति और आधुनिक सोच का उत्सव बताया। महोत्सव का उद्देश्य राजधानी के नागरिकों को विश्व सिनेमा तक पहुंच प्रदान करना और हर दिल्लीवासी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।

अंतरराष्ट्रीय मंच स्थानीय फिल्मकारों और तकनीशियनों के लिए

यह महोत्सव स्थानीय फिल्मकारों, तकनीशियनों और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देगा। दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के तहत सिंगल-विंडो सुविधा दिल्ली को शूटिंग के लिए आकर्षक जगह बना रही है। आईएफएफडी 2026 दिल्ली को भारत की सिनेमाई राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। महोत्सव का आयोजन दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम कर रहा है और इसमें 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

युवा प्रतिभाओं और उद्योग पेशेवरों को मिलेगा अवसर

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह महोत्सव युवा फिल्मकारों और कलाकारों को वैश्विक मंच देगा। यह भारतीय सिनेमा की विविधता और रचनात्मकता को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश करेगा। महोत्सव नई तकनीक, नवाचार और बदलते सिनेमाई स्वरूप पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देगा।

फेस्टिवल के मुख्य आकर्षणों में भव्य गाला प्रीमियर, सितारों से सजी विशेष स्क्रीनिंग, डिजिटल और उभरते सिनेमा की प्रस्तुतियां, साथ ही सिनेएक्सचेंज फिल्म बाजार और सिनेवर्स एक्सपो शामिल हैं। ये पहल पेशेवरों को नेटवर्किंग, फिल्म वितरण, निवेश और उद्योग से जुड़ने के अवसर प्रदान करेंगी।