नई दिल्ली। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती उमस से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बुधवार देर रात मौसम ने राहत दी। राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश देखने को मिली। वहीं ग्रेटर नोएडा और साहिबाबाद में भी बारिश होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
बारिश के दौरान तेज आंधी चली और आसमान में बिजली चमकती रही। अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्मी से काफी राहत महसूस की।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए आंधी-तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। अनुमान है कि अगले दो दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा और तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।