सहारनपुर जिले में पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने संयुक्त अभियान चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले 17 वर्षों से कानून की नजरों से बचता आ रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2009 में दर्ज विदेशी अधिनियम के एक मामले में वांछित था। उस समय बिना वैध पासपोर्ट और दस्तावेजों के भारत में प्रवेश कर छिपकर रहने के आरोप में कई बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही सजा मिल चुकी है, जबकि यह आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद लगातार फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त 2009 को सूचना इकाई के उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह की तहरीर पर थाना कुतुबशेर में मोहम्मद जाहिद उर्फ डल्लू समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
हाल ही में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों के अभियान के दौरान चिलकाना पुलिस और ATS टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी को साईफन पुलिया क्षेत्र से दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक बांग्लादेशी पहचान पत्र और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मोबाइल की जांच में कुछ संदिग्ध दस्तावेजों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें आधार कार्ड जैसे रिकॉर्ड शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। उसके नेपाल और बांग्लादेश से संपर्क होने की भी जानकारी मिली है। साथ ही यह तथ्य भी सामने आया है कि उसकी पत्नी नेपाल की रहने वाली है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए सिरे से मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।