हरियाणा के भिवानी जिले के मिलकपुर गांव के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई। करीब साढ़े आठ बजे हुई इस घटना के समय बस में लगभग 30 से 40 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बस भिवानी से सवारियां लेकर हांसी की ओर जा रही थी। जैसे ही यह वाहन मिलकपुर गांव के पास पहुंचा, उसमें अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिवानी और हांसी से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बस काफी हद तक जल चुकी थी।
हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तुरंत हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए अग्रोहा रेफर कर दिया गया है। दो अन्य का आईसीयू में उपचार चल रहा है।
पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 12 यात्री मामूली रूप से झुलसे हैं। बवानीखेड़ा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।