ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ती गर्मी और छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार की ओर से जारी नए आदेश के तहत अब जिले के सभी बोर्ड—सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड सहित—के नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है।
कक्षा 9 से 12 तक के लिए पुराना समय जारी
पहले जारी आदेश में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल समय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में भ्रम की स्थिति बन गई थी। अब स्पष्ट कर दिया गया है कि इन कक्षाओं की पढ़ाई पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही चलेगी।
गर्मी और लू को देखते हुए फैसला
प्रशासन का कहना है कि अप्रैल के आखिरी दिनों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय तेज धूप व लू छोटे बच्चों के लिए स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर रही है। इसी कारण यह कदम उठाया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कक्षाओं में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रखें और बच्चों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
अभिभावकों ने जताई सहमति
इस फैसले का अभिभावकों ने स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में लिया गया निर्णय बताया है। शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि यदि तापमान में और बढ़ोतरी होती है, तो आगे स्कूलों की छुट्टियों या समय में और बदलाव पर विचार किया जा सकता है। प्रशासन ने सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।