कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में कादरगंज पुल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। रविवार शाम हुए इस हादसे में पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह जब तीनों के शव गांव रम्पुरा पहुंचे तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और हर आंख नम हो गई।
जानकारी के अनुसार, पटियाली-बदायूं हाईवे पर कादरगंज गंगा पुल के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में रम्पुरा गांव निवासी सोमवीर (30), उनकी पत्नी अमिता (27) और डेढ़ साल के बेटे शिवा की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
एक ही चिता पर अंतिम विदाई
सोमवार तड़के तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। इसके बाद कादरगंज गंगा घाट पर बेहद भावुक माहौल में तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव में पूरे दिन शोक का माहौल बना रहा।
सिकंदरपुर वैश्य थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा। ग्रामीण लगातार इस दर्दनाक घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए। महिलाएं और परिजन भावुक होकर परिवार के प्रति संवेदना जताते रहे।
सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उनकी बेटियों की रही, जिन्होंने इस हादसे में अपने माता-पिता और छोटे भाई को खो दिया। दोनों बच्चियां रो-रोकर बेहाल हैं, जिन्हें गांव की महिलाएं और परिजन ढांढस बंधा रहे हैं।