कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 (अंबाला-हिसार) पर जमींदारा ढाबा के पास देर रात हुए सड़क हादसे में एक एनआरआई युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान खरीडवा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है।
शादी के कुछ दिन बाद ही दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार साहिल कुमार हाल ही में न्यूजीलैंड से अपनी सगाई और शादी के लिए भारत आया था। परिवार ने 19 अप्रैल को ही उसकी शादी कर दी थी। शादी को अभी महज 12 दिन ही हुए थे कि यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ट्रक से टकराई कार
बताया जा रहा है कि साहिल अपने दोस्त अंकित के साथ कार में पिहोवा से गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। उसका दोस्त अंकित अभी इलाजाधीन है।
परिवार में मातम
परिजनों के अनुसार साहिल परिवार का इकलौता बेटा था और शादी के बाद जल्द ही वापस न्यूजीलैंड लौटने की तैयारी कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।