जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने बुधवार को घाटी के कई जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली।

अधिकारियों के मुताबिक, CIK ने केंद्र शासित प्रदेश के छह जिलों में कुल आठ स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। यह अभियान पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क, स्लीपर सेल, भर्ती गतिविधियों और कट्टरपंथ फैलाने से जुड़े मामलों की जांच के तहत चलाया जा रहा है।

कई जिलों में एक साथ कार्रवाई

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी कि श्रीनगर और बांदीपोरा में दो-दो स्थानों पर तलाशी ली गई। इसके अलावा कुपवाड़ा, अनंतनाग, कुलगाम और सोपोर में भी अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई।

जांच एजेंसियां सतर्क

अधिकारियों का कहना है कि घाटी में सक्रिय आतंकी मददगार नेटवर्क और ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह समन्वित कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।