भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शनिवार को खूंटी जिले के उलिहातु में भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचे। हेलीपैड पर जिला प्रशासन ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। साथ ही उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने उलिहातु स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों नेताओं ने बिरसा मुंडा के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने वहां मौजूद बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में उन्नति करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद वे बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने पुनः प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की।
इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे, अन्य गणमान्य अतिथियों और संबंधित अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।