पटना। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अथमलगोला रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह बनारस से सियालदह जा रही ट्रेन संख्या 22588, साप्ताहिक ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ का इंजन अचानक तकनीकी खराबी के कारण फेल हो गया।

घटना की सूचना सुबह 5 से 6 बजे के बीच मिली। लोको पायलट ने इंजन को दुरुस्त करने की कई कोशिशें की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

दो घंटे तक ट्रेन रुकी, यात्रियों में हुआ आक्रोश

इंजन फेल होने के कारण ट्रेन करीब दो घंटे से अधिक समय तक अथमलगोला स्टेशन पर खड़ी रही। लंबे इंतजार से नाराज यात्री स्टेशन पैनल कक्ष पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ बहस करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख स्टेशन पैनल ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), बख्तियारपुर और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सूचित किया।

सूचना मिलने पर आरपीएफ बख्तियारपुर के प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

खराब इंजन हटाकर ट्रेन की आगे की यात्रा शुरू

दानापुर कंट्रोल से अनुमति मिलने के बाद खराब इंजन को हटा दिया गया। इसके स्थान पर प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी एक मालगाड़ी के लोको को जोड़कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

इस पूरी घटना के कारण अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 2-3 घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही और निर्धारित समय से करीब 5 घंटे की देरी से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई।