अंबेडकरनगर। बढ़ती स्मार्ट मीटर और प्रीपेड मीटर संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने अब 11 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अब उपभोक्ताओं को मीटर विभाग या अधिशासी एवं अधीक्षण अभियंता कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराकर वह अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है। विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए यह कदम उठाया गया है, जिनकी बिजली का बैलेंस रिचार्ज होने के बावजूद तुरंत आपूर्ति शुरू नहीं हो पा रही है।
रिचार्ज के बाद भी बिजली आपूर्ति नहीं हो पाती
कई बार तकनीकी कारणों या सर्वर पर दबाव के चलते रिचार्ज करने के बाद भी बिजली तुरंत चालू नहीं होती। ऐसे मामलों में अब उपभोक्ता सीधे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर समस्या का त्वरित निवारण करवा सकते हैं।
अकबरपुर, टांडा, जलालपुर और आलापुर के चार डिवीजन में कुल 60,200 उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 48,000 मीटर को प्री-पेड मीटर में बदल दिया गया है। हाल ही में निगेटिव बैलेंस की वजह से 12,000 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। इनमें से 8,000 उपभोक्ताओं ने बैलेंस जमा करा लिया है, जबकि 4,000 ने रिचार्ज नहीं कराया, जिसके कारण उनकी बिजली आपूर्ति अभी भी ठप है।
विभाग कर रहा है निरीक्षण
विभाग की टीम इन उपभोक्ताओं के घरों पर निरीक्षण भी कर रही है। बाइपास बिजली आपूर्ति के मामले में तीन उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पिछले एक महीने में पावर कारपोरेशन में 1,912 और कार्यालय में 700 स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतें दर्ज हुई हैं। इन सभी शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने कहा कि टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित टीम को तुरंत सूचना भेजी जाएगी और समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय-समय पर अपने बैलेंस की जाँच करते रहें और समस्या होने पर हेल्पलाइन का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।