छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को सेमरिया हनुमान मंदिर के पास एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 'हितग्राही सम्मेलन' से लौट रही बस और एक ट्रक के आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा गुरुवार शाम लगभग 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस सीधी भिड़ंत के दौरान कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा बेहद खौफनाक था। बस के अंदर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर 20 से अधिक एंबुलेंस पहुँचीं। हादसे के कारण सड़क पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे तोड़ने और राहत कार्य में पुलिस और प्रशासन जुटे हुए हैं।
छिंदवाड़ा एसपी ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों की संख्या की पुष्टि की। मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं।
बस में 41 लोग सवार थे
हादसे के समय बस में कुल 41 यात्री सवार थे, जो सभी हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बस का मार्ग उमरानाला की ओर था, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट
जिला प्रशासन और डॉक्टरों की पूरी टीम घायलों को बचाने और इलाज में जुटी हुई है। एसपी अजय पांडे ने बताया कि जिला अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। घायलों को बस से निकालने में क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद ली गई।