मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशनों के बीच उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घबराहट में कई यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवा दी और नीचे उतर गए। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। हादसे में कई अन्य यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया जाना बाकी है।
बताया जा रहा है कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रही थी। सफर के दौरान किसी यात्री ने ट्रेन में आग लगने की आशंका जताई, जिसके बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति से घबराए यात्रियों ने इमरजेंसी चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और बड़ी संख्या में लोग ट्रैक पर उतर आए।
इसी बीच पास वाली लाइन पर धौलपुर की दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रैक पर मौजूद कुछ यात्री ट्रेन को समय रहते नहीं देख सके और उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
इस दुर्घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को रोका गया और बाद में ट्रैक खाली कराकर परिचालन सामान्य किया गया।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रेन में आग लगने जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का मानना है कि अफवाह के कारण यात्रियों में घबराहट फैली, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।