राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों को री-एग्जाम में शामिल होना है, वे आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को नीट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘NEET (UG) Admit Card’ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ‘NEET (UG) 2026 Re-Exam Admit Card’ विकल्प चुनकर आवेदन संख्या, पासवर्ड और कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकता है।

बैंक विवरण जांचने की अपील

एनटीए ने छात्रों से आग्रह किया है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले अपने बैंक खाते की जानकारी भी एक बार जांच लें। एजेंसी के अनुसार कई अभ्यर्थियों ने पहले गलत या अधूरी बैंक डिटेल्स दी थीं, जिससे फीस रिफंड में समस्या आ सकती है। ऐसे मामलों के लिए बैंक विवरण सुधारने और पुष्टि करने के लिए विशेष सुविधा विंडो भी खोली गई है।

पेपर लीक के बाद बदली परीक्षा व्यवस्था

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित मूल नीट-यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कुछ उम्मीदवारों तक पहुंच गया था, जिसके बाद पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।

री-एग्जाम में परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। अब परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा अवधि में 15 मिनट अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया है, ताकि उपस्थिति और अन्य औपचारिकताएं आसानी से पूरी की जा सकें।

रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज

एनटीए ने प्रश्नपत्र पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज भी बढ़ा दिए हैं। अब परीक्षार्थियों को कुल चार अतिरिक्त पेज मिलेंगे—दो शुरुआत में और दो अंत में। यह व्यवस्था विशेष रूप से बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को ध्यान में रखकर की गई है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों से आत्मविश्वास बनाए रखने और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की है। एनटीए का कहना है कि इन नए बदलावों से परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी और छात्र-हितैषी बनेगी।