इंदौर के स्कीम-136 क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन शोरूम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शोरूम एक अपार्टमेंट की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित था, जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर कई परिवार रहते हैं। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे रहवासी अपने फ्लैटों में फंस गए।
घटना सुबह करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है। उस समय शोरूम बंद था, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वहां रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए। आग से उठे घने धुएं ने अपार्टमेंट के अंदर रहने वाले लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं।
धुएं से जागे लोग, नीचे उतरने का रास्ता बंद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के समय कई लोग अपने घरों में सो रहे थे। फ्लैटों में धुआं भरने लगा तो उनकी नींद खुली। जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो पाया कि नीचे जाने वाली सीढ़ियों तक धुआं और आग का असर पहुंच चुका है, जिससे बाहर निकलना संभव नहीं था।
पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी
स्थिति गंभीर होती देख आसपास की इमारतों में रहने वाले लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपार्टमेंट की छत पर मौजूद लोगों को ऊपर आने के लिए कहा और अपने घरों से सीढ़ियां तथा रस्सियां लाकर बचाव अभियान शुरू किया। एक-एक कर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य में पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उन्होंने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की।
फ्लैट सुरक्षित, नुकसान शोरूम तक सीमित
राहत की बात यह रही कि आग अपार्टमेंट के रिहायशी हिस्से तक नहीं पहुंच सकी। इससे फ्लैटों में रहने वाले परिवारों का घरेलू सामान और अन्य संपत्ति सुरक्षित बच गई। हालांकि शोरूम में मौजूद सभी इलेक्ट्रिक वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए।
स्थानीय निवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं दिखाई देते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।