सांई कृपा कालोनी में बनाई जा रही बहुमंजिला इमारतों की शिकातय रहवासी संघ ने नगर निगम के अधिकारियों से की है। इसमें कहा गया है कि सांई कृपा एक वैध कालोनी है, जिसका नक्शा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से स्वीकृत है। इसके अनुसार कालोनी में केवल स्वयं के आवास बनाए जा सकते हैं, लेकिन इन दिनों क्षेत्र में फ्लैटों की मल्टीस्टोरी बनाई जा रही हैं। यह प्रतिबंधित है।

सांई कृपा कालोनी रहवासी संघ ने इस संबंध में जोन-आठ के जोनल अधिकारी को पत्र सौंपा है। इसमें कहा गया है कि नियमानुसार मार्जिनल ओपन स्पेस (एमओएस) पर निर्माण प्रतिबंधित है, लेकिन कालोनी में एमओएस पर भी अवैध निर्माण हो रहे हैं। रहवासियों ने बताया है कि कुछ प्लाटों में व्यावसायिक हितों के लिए निर्माता 100 प्रतिशत प्लाट एरिया पर निर्माण कर रहे हैं, जो पूरी तरह गैर कानूनी है और अवैध श्रेेणी में आता है। इन निर्माणों के दौरान ड्रेनेज, बिजली और सड़कों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि कालोनी में की गई बुनियादी सुविधाएं स्वयं के आवास के हिसाब से जुटाई गई हैं और मल्टीस्टोरी बनने से ये सुविधाएं चरमरा जाएंगी।

पूर्व पार्षद ने किया निरीक्षण

कालोनी में हो रहे अवैध निर्माण और बढ़ती चोरियों की शिकायत के बाद मंगलवार को रहवासी संघ केे लोगों ने पूर्व पार्षद संजय कटारिया के साथ बैठक की। पूर्व पार्षद ने लोगों के साथ कालोनी में हो रहेे अवैध निर्माण भी देखे। रहवासियों नेे बताया कि शिकायत केे बावजूद नगर निगम द्वारा कार्रवाई या अवैध निर्माणों पर रोक नहीं लगाई जा रही है। यदि निगम जल्द निराकरण नहीं करेगा, तो मजबूरन लोगों को न्यायालय जाना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान कटारिया ने प्लाट पर व्यवसाय कर रहे कुछ मालिकों को हिदायत दी गई।