अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब कोतमा नगर के बस स्टैंड के पास स्थित अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज के साथ इमारत गिरने से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे। अब तक दो घायलों को मलबे से निकालकर कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, 4 से 5 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है।

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान स्वयं मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ स्थानीय प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद हैं। बचाव कार्य में जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इमारत के पास ही एक नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण के दौरान की गई खुदाई से पुरानी इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूरी बनाए रखें, ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।