मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जिले के जियावन थाना क्षेत्र के कुदवार चौकी इलाके में सफेद मिट्टी (छूही) निकालने के दौरान एक खदान धंस गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, पांच महिलाएं खदान से सफेद मिट्टी निकालने गई थीं। इसी दौरान खदान अचानक धंस गई और महिलाएं उसमें दब गईं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने बचाव अभियान चलाकर सभी महिलाओं को खदान से बाहर निकाला।
एसडीओपी देवसर गायत्री शर्मा ने बताया कि हादसे में प्रीति सिंह (10 वर्ष), बसंती (16 वर्ष) और फूलमती यादव (50 वर्ष) की मौत हो गई है। जबकि घायलों में कौसल्या सिंह (50 वर्ष) और सकमुनि सिंह (45 वर्ष) शामिल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान जारी रखा है और आशंका जताई जा रही है कि खदान में और लोग फंसे हो सकते हैं। यह घटना इलाके में सुरक्षा और खदान संचालन के तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।