पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। यमन की ओर जा रहा एक मालवाहक जहाज क्रॉसफायर की चपेट में आ गया, जिसमें भारत के एक क्रू सदस्य की मौत हो गई।

मृतक की पहचान गुजरात के द्वारका निवासी अल्ताफ तालाब केर के रूप में हुई है, जो जहाज के इंजन रूम में ड्यूटी पर तैनात थे।

समुद्र में अचानक फायरिंग से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, ‘MSV अल फायज नूर सुलेमानी-1’ नाम का यह जहाज दुबई से सामान लेकर यमन की ओर रवाना हुआ था। इसी दौरान होर्मुज स्ट्रेट में चल रहे तनाव के बीच वह समुद्र में हुई क्रॉसफायर की स्थिति में फंस गया।

फायरिंग इतनी तेज थी कि जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा और उसके कई हिस्सों में छेद हो गए। हालात बिगड़ने के बाद जहाज डूबने की स्थिति में पहुंच गया।

इंजन रूम में मौजूद थे भारतीय नाविक

घटना के समय अल्ताफ केर इंजन रूम में मौजूद थे, जहां वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत की पुष्टि की गई। वहीं जहाज पर सवार अन्य 17 क्रू मेंबर्स को पास से गुजर रहे एक अन्य जहाज ने सुरक्षित बचा लिया।

बचाए गए सभी नाविकों को बाद में दुबई के सुरक्षित बंदरगाह पर पहुंचा दिया गया है।

भारत सरकार से शव वापसी की मांग

इस घटना के बाद इंडियन सेलिंग वेसल्स एसोसिएशन ने भारत सरकार से अपील की है कि मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके पैतृक स्थान द्वारका पहुंचाया जाए।

साथ ही दुबई में सुरक्षित पहुंचे अन्य भारतीय नाविकों को भी शीघ्र भारत वापस लाने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की मांग की गई है।