पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल में भी प्रतीकात्मक बदलाव सामने आया है, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को अनफॉलो कर दिया गया है।
वहीं दूसरी ओर, इस हैंडल ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और गृह मंत्रालय (MHA) के आधिकारिक अकाउंट्स को फॉलो करना शुरू कर दिया है। इसे नए राजनीतिक हालात के साथ प्रशासनिक संतुलन साधने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
यह डिजिटल बदलाव ऐसे समय पर हुआ है जब राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे में भी कई स्तरों पर पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है, जिसमें कई स्थानों से अतिरिक्त सुरक्षा हटाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
इसी बीच, राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। भाजपा की जीत के बाद पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी।
आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसके साथ राज्य में नई सरकार औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी।