पटना स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छात्र की मौत हो गई। क्रिकेट खेलते समय करंट लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हैदराबाद निवासी सदाशिवनी हर्षित पटनायक के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई से पटना आया था।
क्रिकेट खेलते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हर्षित बॉयज हॉस्टल के मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान गेंद पकड़ने के प्रयास में वह मैदान के पास लगे एक बिजली के पोल के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि पोल में पहले से करंट दौड़ रहा था।
तेज झटका लगने के बाद हर्षित जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में भी गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद छात्रों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
IIT पटना और IIM मुंबई से जुड़ा था छात्र
हर्षित पटनायक 2022-27 बैच का छात्र था। वह आईआईटी पटना में पढ़ाई करने के बाद डुअल प्रोग्राम के तहत आईआईएम मुंबई में दो वर्षीय कोर्स कर रहा था। फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह विशेष रूप से पटना आया था।
घटना के बाद कैंपस में शोक
हादसे के बाद संस्थान परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। सहपाठियों और शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। बताया जा रहा है कि हर्षित अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
सूचना मिलने पर आईआईटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर मामले में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली प्रबंधन में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।