भोपाल। मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़े दहेज उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने जेल में अपनी सुरक्षा को लेकर अदालत से विशेष व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि न्यायिक सेवा के दौरान उन्होंने कई ऐसे मामलों में फैसले सुनाए थे, जिनके दोषी वर्तमान में जेल में बंद हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है।
मंगलवार को सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत ने त्विषा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद दोनों को भोपाल केंद्रीय जेल में दाखिल कराया गया।
सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने अदालत को बताया कि उनके न्यायिक कार्यकाल में कई अपराधियों को सजा सुनाई गई थी और उनमें से कुछ कैदी अभी भी जेल में हो सकते हैं। इसी आधार पर उन्होंने सुरक्षित स्थान और अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। अदालत ने उनकी मांग स्वीकार कर ली।
गिरिबाला सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की सुनवाई के दौरान उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ एक वकील ने अनुचित व्यवहार किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में शुरुआत से ही उन्हें और उनके परिवार को मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ रहा है।
त्विषा शर्मा के परिजनों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि अदालत ने जेल में सुरक्षा संबंधी अनुरोध पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि इस मांग पर उनकी ओर से कोई आपत्ति नहीं थी।
सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने यह भी अनुरोध किया कि जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मीडिया में सार्वजनिक न हों। उन्होंने यह भी कहा कि जब समर्थ सिंह ने जबलपुर में आत्मसमर्पण किया था, उस दौरान मीडिया और अन्य लोगों की मौजूदगी से उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर, अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जबलपुर अदालत परिसर में उनके साथ और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ अभद्रता की गई थी। उन्होंने अदालत से उस दिन की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी रखी, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
जेल सूत्रों के अनुसार, गिरिबाला सिंह को महिला बैरक में विशेष निगरानी के बीच रखा गया है, जबकि समर्थ सिंह को चिकित्सकीय निगरानी वाले बैरक में रखा गया है। दोनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में मॉडल त्विषा शर्मा मृत अवस्था में मिली थीं। मामले की जांच सीबीआई कर रही है और दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न आरोपों के तहत जांच आगे बढ़ रही है।