महाराष्ट्र में मुंबई सहित राज्य के 29 नगर निगमों के लिए मतदान गुरुवार को लंबी राजनीतिक सरगर्मियों के बाद संपन्न हो गया। अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि शहरी सरकार की कमान किसके हाथ में जाएगी। इससे पहले विभिन्न सर्वे एजेंसियों द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल के नतीजों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। अधिकांश अनुमानों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस पीछे नजर आ रही हैं।
एक्सिस माय इंडिया का अनुमान
एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं। वहीं शिवसेना (यूबीटी) गठबंधन को 58 से 68 सीटों का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस गठबंधन को 12 से 16 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य दलों के खाते में 6 से 12 सीटें जा सकती हैं।
डीवी रिसर्च का आकलन
डीवी रिसर्च के सर्वे में भी सत्तारूढ़ गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। इसके अनुसार भाजपा गठबंधन को 107 से 122 सीटें मिल सकती हैं। ठाकरे खेमे को 68 से 83 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस-वंचित बहुजन अघाड़ी को 18 से 25 सीटें, अजित पवार गुट को 2 से 4 सीटें और अन्य दलों को 8 से 15 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
जेवीसी सर्वे के नतीजे
जेवीसी के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 138 सीटें मिलने का अनुमान है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गठबंधन को 59 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें और अन्य दलों को 7 सीटें मिलने की संभावना बताई गई है।
लोकशाही/रुद्र का अनुमान
लोकशाही और रुद्र एजेंसी के संयुक्त सर्वे के अनुसार, बीएमसी सहित नगर निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन को 115 से 130 सीटें मिल सकती हैं। शिवसेना गठबंधन को 67 से 82 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 22 से 27 सीटें और अन्य को 10 से 15 सीटें मिलने का अनुमान है।
जनमत एग्जिट पोल
जनमत सर्वे में महायुति गठबंधन को स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ते हुए दिखाया गया है। इसके अनुसार भाजपा गठबंधन को 138 सीटें मिल सकती हैं, जबकि ठाकरे गुट को 62 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस-वंचित गठबंधन को करीब 20 सीटें और अन्य दलों को 7 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
जेडीएस का सर्वे
जेडीएस एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 127 से 155 सीटें मिलने का अनुमान है। ठाकरे गुट को 44 से 64 सीटें, कांग्रेस-वंचित गठबंधन को 16 से 25 सीटें और अजित पवार की एनसीपी को 1 से 4 सीटें मिलने की संभावना बताई गई है।
पोल मित्रा और साम टीवी का रुझान
पोल मित्रा के सर्वे में भाजपा गठबंधन को सबसे आगे दिखाया गया है, जहां उसे 165 से 175 सीटें मिलने का अनुमान है। ठाकरे गुट को 45 से 55 सीटें और कांग्रेस-वंचित गठबंधन को 9 से 14 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
वहीं साम टीवी के एग्जिट पोल में भी भाजपा गठबंधन को 119 सीटों के साथ बढ़त में दिखाया गया है। सर्वे के अनुसार ठाकरे गुट को 75 सीटें, कांग्रेस को 25 सीटें और अन्य दलों को 3 सीटें मिल सकती हैं।