महाराष्ट्र में परभणी जिला अस्पताल में मंगलवार देर रात पेड़ की एक शाखा गिरने से ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन लीक हो गई। इस बीच कर्मचारियों के तुरंत हरकत में आने से चिकित्सीय ऑक्सीजन पर निर्भर 14 मरीजों की जान बचा ली गई।
उप जिलाधीश संजय कुंडेत्कर ने बताया कि मंगलवार देर रात पाइपलाइन लीक होते देखने के बाद अस्पताल के स्टाफ ने मरीजों के सांस लेने के लिए जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की। उन्होंने बताया, रात करीब 11:30 बजे पेड़ की एक शाखा ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन पर गिर गई जिससे वह लीक हो गई। पाइपलाइन के लीक होने का पता लगा लिया गया और इसके बाद 14 मरीजों के सांस लेने के लिए जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की गई। पाइपलाइन की मरम्मत करने के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद कर दी गई। कुंडेत्कर ने बताया कि महज दो-तीन मिनट के लिए ही ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित हुई। टेक्नीशियनों ने दो घंटे के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कर दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। तड़के करीब चार बजे ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल कर दी गई।