बेंगलुरु में कैपजेमिनी के कैंपस स्थित डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां तैनात कुछ केयरगिवर्स ने दो साल तक के मासूम बच्चों को वॉशिंग मशीन में बंद करने और उन पर तेज पानी की बौछारें डालकर प्रताड़ित किया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब इस घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए और तेजी से वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और बाल संरक्षण विभाग हरकत में आया और पांच केयरगिवर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, संबंधित डे-केयर सेंटर को बंद कर दिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, डे-केयर में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने ही बच्चों के साथ हो रही इस क्रूरता का विरोध किया था, लेकिन उनकी शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। यही कर्मचारी बाद में इस मामले के व्हिसलब्लोअर बने।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी के अनुसार, सेंटर में लंबे समय से बच्चों के साथ गलत व्यवहार की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन ठोस सबूत सामने नहीं आ रहे थे। हाल ही में मिले वीडियो ने पूरे मामले को उजागर कर दिया।

परिवीक्षा अधिकारी तिलकराज कुमार ने बताया कि बच्चों के रोने या शोर मचाने पर उन्हें डराने के लिए वॉशिंग मशीन या बंद बाथरूम में डाल दिया जाता था। इस डे-केयर में लगभग 50 से 60 बच्चे रजिस्टर्ड थे, जिनमें से 15 से 20 बच्चे नियमित रूप से आते थे।

वीडियो सामने आने के बाद बाल हेल्पलाइन को शिकायत भेजी गई, जिसके बाद बाल संरक्षण टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। जांच के दौरान वीडियो और अन्य सबूत कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भी सौंप दिए गए हैं।