महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। कैंटोनमेंट इलाके में स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में एक छात्र ने कथित तौर पर टीचर पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्र, शिक्षक और स्कूल प्रिंसिपल को एक केबिन में बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। शुरुआत में बातचीत सामान्य लगती है, लेकिन कुछ ही देर में छात्र अचानक आक्रामक हो जाता है और टीचर से बहस करने लगता है। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो जाता है।

कुछ ही क्षणों में स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि छात्र चाकू निकालकर टीचर पर हमला कर देता है। वीडियो में टीचर को पीछे हटते हुए और केबिन में अफरा-तफरी का माहौल बनते देखा जा सकता है। घटना के बाद स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और किसी तरह छात्र को काबू में किया गया।

टीसी को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, छात्र अपने ट्रांसफर सर्टिफिकेट के लिए स्कूल आया था, इसी दौरान टीचर के साथ उसकी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर छात्र ने गुस्से में आकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र का पहले भी संबंधित शिक्षक से विवाद हो चुका था, जब वह इसी स्कूल में पढ़ता था।

ऑनलाइन मंगाया गया था चाकू

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू नाबालिग ने ऑनलाइन मंगवाया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की आगे जांच जारी है और स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।