मुंबई में एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले और बिजनेसमैन सारंग लखानी का विवाह समारोह बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। दो दिनों तक चले इस आयोजन में संगीत, शादी और रिसेप्शन जैसे कार्यक्रमों में राजनीति, उद्योग और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की।
ग्लैमर और बिजनेस जगत की मौजूदगी
इस खास मौके पर उद्योग जगत से कई दिग्गज शामिल हुए। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ समारोह में पहुंचे। फिल्म इंडस्ट्री से अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन और बेटी श्वेता बच्चन नंदा के साथ नजर आए।
इसके अलावा शाहरुख खान, जैकी श्रॉफ और रवि किशन जैसी फिल्मी हस्तियों ने भी शादी की रौनक बढ़ाई।
राजनीति के दिग्गज भी हुए शामिल
राजनीतिक जगत से भी इस शादी में बड़ी संख्या में नेता पहुंचे। इनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और रामदास अठावले शामिल रहे।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के संस्थापक गुलाम नबी आजाद और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी समारोह में मौजूद रहे।
शिक्षा और पृष्ठभूमि
रेवती सुले ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है, जबकि उनके पति सारंग लखानी कोलंबिया बिजनेस स्कूल के पूर्व छात्र हैं। सारंग, नागपुर के उद्योगपति और नेता अरुण लखानी के पुत्र हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शादी से पहले आयोजित संगीत समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसमें शाहरुख खान अपनी फिल्म कुछ कुछ होता है के लोकप्रिय गाने “कोई मिल गया” पर डांस करते नजर आए।