बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र में 11 जून की रात हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी को चकिया दियारा इलाके से दबोचा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
एसपी मनीष ने रविवार शाम प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस गंभीर मामले की जांच के लिए सदर डीएसपी-2 कुमार दुर्गा शक्ति के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम को जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ का भी सहयोग मिल रहा है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सिमरिया बिंदटोली निवासी स्व. कारू महतो के पुत्र नीतीश कुमार को फरीदाबाद (हरियाणा) के भूपानी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि सिमरियाघाट बिंदटोली निवासी बिजली महतो के पुत्र अमर निषाद उर्फ अमरजीत उर्फ मक्का मदीना को चकिया दियारा से पकड़ा गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें आरोपी हथियारों के साथ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पूछताछ में अमर निषाद ने इलाके में दबदबा बनाने के लिए हथियार रखने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर उसके घर से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा, पुलिस ने घटना के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है, जिसे कांड के एक अन्य फरार आरोपी रामू महतो के घर से जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे रामू महतो और सूरज महतो सहित एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि रामू महतो का आपराधिक इतिहास भी रहा है और तीन महीने पहले पीड़िता से जुड़ी एक अन्य घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। नीतीश कुमार के खिलाफ 2022 में बरौनी रेल थाना में चोरी का मामला दर्ज है, जबकि अमरजीत निषाद पर एफसीआई थाना में फायरिंग का केस दर्ज है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।