ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ में शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 7.15 बजे उस फ्लाईओवर पर हुआ जो शहर के पूर्वी हिस्से को पश्चिमी हिस्सों से जोड़ता है।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि कार चालक कथित रूप से वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पलटते हुए चार-पांच दोपहिया वाहनों से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनमें से एक दोपहिया पर सवार व्यक्ति हवा में उछलकर फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर गिर गया।

अंबरनाथ के सहायक पुलिस आयुक्त शैलेश काले ने बताया कि हादसे में कार चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारण कई दोपहिया वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।