छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संपत्ति विवाद में कोर्ट का फैसला अपने खिलाफ जाने के बाद एक बेटे ने अपने 82 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में बीच-बचाव करने आई बहन भी घायल हो गई।

मृतक की पहचान जाफर कमरउद्दीन सैयद पटेल (82) के रूप में हुई है, जो जल संसाधन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।

लंबे समय से चल रहा था संपत्ति विवाद

जानकारी के अनुसार, जाफर पटेल और उनके बेटे अब्दुल रहमान के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है और परिवार में लगातार तनाव और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी।

स्थिति बिगड़ने पर बुजुर्ग पिता पुणे में अपनी बेटी के पास रहने चले गए थे और उन्होंने बेटे के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की थी। यह मामला करीब दो साल तक अदालत में चला।

कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ा तनाव

शुक्रवार को अदालत ने बुजुर्ग पिता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बेटे को मकान खाली करने और संपत्ति का अधिकार पिता को सौंपने का आदेश दिया। कोर्ट के इस फैसले के बाद जाफर पटेल अपनी बेटी के साथ ऑटो से घर लौट रहे थे।

बीच सड़क पर हमला, पिता की मौत

इसी दौरान गुस्से में भरे बेटे अब्दुल रहमान ने रास्ते में ऑटो रुकवाकर अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। उसने सड़क पर ही उन पर कई वार किए।

इस हमले में जाफर पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने आई उनकी बेटी भी घायल हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।