महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में बकरीद के अवसर पर दुर्गाड़ी किले के बाहर गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। किले परिसर में स्थित ईदगाह में नमाज अदा किए जाने के कारण प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर हर साल कुछ समय के लिए दुर्गा देवी मंदिर में हिंदू श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाती है।

इसी रोक को लेकर इस बार शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर नाराजगी जताई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।

हर साल उठता है विवाद

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह इलाका धार्मिक रूप से संवेदनशील माना जाता है क्योंकि दुर्गाड़ी किले परिसर में दुर्गा देवी का मंदिर स्थित है और इसी स्थान पर ईदगाह में बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचते हैं।इसी व्यवस्था को लेकर हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा हर वर्ष विरोध प्रदर्शन किया जाता रहा है। इस बार भी परंपरा के अनुसार विरोध देखने को मिला।

पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

एडीसीपी संजय जाधव ने बताया कि दुर्गाड़ी किले पर बकरीद के दौरान अस्थायी प्रतिबंध को लेकर हर साल विरोध होता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी पक्ष को परेशानी न हो।

पुलिस के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन पिछले कई दशकों से हर साल होता आ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहता है।