लुधियाना। लाडोवाल टोल प्लाजा के पास पुलिस और आतंकियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की कार्रवाई में दो आतंकवादी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घायलों में से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने पिछले दिन कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उनके निशानदेही के आधार पर हथियार बरामद करने के लिए टीम उन्हें लाडोवाल क्षेत्र में ले गई थी।
जैसे ही टीम टोल प्लाजा के पास पहुंची, आरोपितों ने अचानक पुलिस पर हमला किया और भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिससे दोनों जख्मी हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लुधियाना पुलिस ने इस मुठभेड़ में पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित मल्टी-स्टेट गैंगस्टर-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। जांच में यह भी पता चला कि ये लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं।
इसी मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक का नाम पवन है, जो हैरी का भाई है और जिसने मुंबई में सलमान खान के घर फायरिंग में हिस्सा लिया था। मौके से 2 चीनी 86पी हैंड ग्रेनेड, 5 आधुनिक पिस्तौल और 40 से अधिक राउंड बरामद किए गए।
पुलिस कमिश्नर ने मौके का निरीक्षण किया और पूरी घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।